आरोपी है दबंग जिला पंचायत सदस्य प्रसाशन की चुप्पी से आक्रोश बढा

बाराबंकी जनपद के मसौली क्षेत्र में स्थित एक प्राचीन मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगा है। कस्बा तिलोकपुर निवासी मुरारीलाल गुप्ता ने तहसील रामनगर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है। यह मामला गांव के प्राचीन श्री रामचबूतरा तिलोकपुर, श्री संतोषी माँ व दुर्गा माँ मंदिर से संबंधित है, जिसकी भूमि राजस्व अभिलेखों में मंदिर के नाम दर्ज बताई जा रही है।


शिकायत पत्र के अनुसार, गाटा संख्या 104/0.666 हे0 (ग्राम गदवापुर) और गाटा संख्या 1268/0.466 हे0 एवं 1269/0.031 हे0 (तिलोकपुर) पर अवैध कब्जा किया गया है। आरोप है कि इन भूमियों से होने वाली उपज का कोई हिसाब मंदिर को नहीं दिया जाता है। इसके कारण पिछले पाँच वर्षों से मंदिर में वार्षिक रूप से दो बार होने वाला भंडारा पूरी तरह से बाधित है। मंदिर में दिया बाती जलना भी थम गया है।


शिकायत में जिला पंचायत सदस्य ललित वर्मा उर्फ पप्पू पर आरोप लगाया गया है कि वे अपने प्रभाव और दबंगई के बल पर इस भूमि पर काबिज हैं। मंदिर भूमि के संरक्षकों द्वारा विरोध करने पर कथित तौर पर धमकियां भी दी जाती हैं, जिससे ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।


मुरारीलाल गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराकर मंदिर की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि इससे वर्षों से रुके धार्मिक और सामाजिक आयोजन फिर से शुरू हो सकेंगे। इस मामले में जांच के आदेश दिए जा चुके हैं।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed