एम डी न्यूज़
बरेली में राजनीति के दिग्गज चेहरे और पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के घर आज शहनाइयों की गूंज है। पीलीभीत रोड स्थित ‘कृति रिसॉर्ट’ एक ऐतिहासिक पल का गवाह बन रहा है, जहाँ धर्मेंद्र कश्यप की बड़ी बेटी कीर्ति कश्यप और डॉ. बृजभान कश्यप का विवाह संपन्न हो रहा है। सुबह से ही रिसॉर्ट के बाहर लग्जरी गाड़ियों और वीआईपी मेहमानों का तांता लगा हुआ है। फूलों और रोशनी से सजे इस भव्य आयोजन में न केवल बरेली-बदायूं बल्कि लखनऊ और दिल्ली तक की राजनीतिक हस्तियां शिरकत कर रही हैं।

धर्मेंद्र कश्यप की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी कीर्ति कानून की पढ़ाई कर राजनीति में सक्रिय हैं, जबकि छोटी बेटी मोनी कश्यप चिकित्सा क्षेत्र में नाम कमा रही हैं। मोनी ने MBBS और MD की डिग्री हासिल की है, जो इस परिवार की शिक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। कीर्ति कश्यप केवल एक राजनेता की बेटी के रूप में नहीं, बल्कि अपनी खुद की एक अलग पहचान के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कानून की पढ़ाई की है और उनकी छवि एक बेहद सुलझी हुई युवा नेत्री की है। वर्तमान में वे राजनीति में काफी सक्रिय हैं और माना जा रहा है कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में बदायूं की दातागंज सीट से भाजपा की प्रमुख दावेदार हो सकती हैं।

कीर्ति सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं, जहां युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ है। वे अक्सर क्षेत्र में जनसमस्याएं सुनते और उनके समाधान करते देखी जाती हैं, जिसके कारण उन्हें अपने पिता की राजनीतिक विरासत का असली उत्तराधिकारी माना जा रहा है। शादी समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। पूर्व सांसद की लाडली को आशीर्वाद देने के लिए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, मंत्री नरेंद्र कश्यप, मंत्री संजय निषाद, मंत्री धर्मपाल सिंह, मंत्री डॉ. अरुण कुमार, और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी जैसे कद्दावर नाम शामिल हैं। इनके अलावा कई सांसद, विधायक और संगठन से जुड़े प्रभावशाली लोग इस भव्य समारोह का हिस्सा बने हैं।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *