भूल जाओ नफरत की बातें, यहाँ ‘होली के गुलाल’ और ‘ईद की सिवइयों’ में घुलेगी मोहब्बत: दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह
बहु आयामी समाचार एमडी न्यूज़ वॉइस ब्यूरो चीफ लखनऊ मंडल मोहम्मद आमिर 28 फरवरी
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के मोहम्मदी कस्बे की फिजाओं में आज उस वक्त गंगा-जमुनी तहजीब की महक घुल गई, जब कोतवाली परिसर में आयोजित ‘शांति समिति’ की बैठक महज एक सरकारी मीटिंग न रहकर, अटूट भाईचारे और जज्बात का संगम बन गई। आगामी होली और ईद-उल-फितर के पावन पर्वों को लेकर आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने अपने खास ‘मसालेदार’ और बेबाक अंदाज से न केवल सबका दिल जीत लिया, बल्कि शहर के असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दे दिया।

“जब भावुक हुए दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह”
मंच संभालते ही दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पुरानी यादों का ऐसा पिटारा खोला कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। उन्होंने कहा, “आज भले ही लोग मोबाइल में खो गए हों, लेकिन मोहम्मदी की असली पहचान उसकी होली की टोलियों यानी ‘घमारों’ से है। इन्हीं घमारों की वजह से आज भी यहाँ की होली जिंदा है, वरना बाकी जगह तो त्योहार फीके पड़ गए।” विधायक जी ने अपनी पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि कैसे वह खुद टोली बनाकर हुड़दंग मचाते और भाईचारा फैलाते थे।
“ईद की दावत और मुहब्बत का पैगाम”
मुस्लिम समुदाय की ओर मुखातिब होते हुए दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने बेहद आत्मीयता से कहा, “आप हमें ईद पर बुलाइए, मैं वादा करता हूँ कि आपके घर जरूर आऊंगा।” उन्होंने साफ लहजे में कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ ‘विकसित मोहम्मदी’ बनाना है, जहाँ हर मजहब का इंसान सुरक्षित और खुशहाल रहे।
प्रशासन की ‘कड़क’ और सीधी चेतावनी
बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी चालुवराजु आर. ने दोटूक शब्दों में कहा कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, सीओ अरुण कुमार सिंह और थानाध्यक्ष उमेश चंद्र चौरसिया ने सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान पेश किया। पुलिस की पैनी नजर कस्बे के चप्पे-चप्पे पर रहेगी।
बैठक में दिग्गजों का लगा जमावड़ा
इस ऐतिहासिक शांति सभा में ब्लॉक प्रमुख महेंद्र बाजपेई, कस्बा इंचार्ज अखिलेश सिंह, और अधिशासी अधिकारी सहित नगर की जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। समाजसेवा के क्षेत्र से युवा समाज सेवा समिति के संयोजक अतुल रस्तोगी और फ्रेंड्स क्लब के शिवम राठौर ने युवाओं को शांति का संकल्प दिलाया।
वहीं, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह के साथ मंच साझा करने वालों में पूर्व जिला महामंत्री सुशील त्रिवेदी, सिविल बार अध्यक्ष विवेक शुक्ला, नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, नायब इमाम अखलद सिद्दीकी, और मो. मोबीन खान शामिल रहे। वरिष्ठ पत्रकार अब्बास नकवी, भूरे सिंह, और बाबूराम पाठक के साथ-साथ अधिवक्ता राजपाल सिंह ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्र में अमन-चैन की दुआ की।
अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली और ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं, जिससे कोतवाली परिसर “मोहम्मदी जिंदाबाद” के नारों से गूँज उठा।
