गोण्डा- जनपद के करनैलगंज परसपुर रोड पर बाबूराम पेट्रोल पंप के पास आज सोमवार देर शाम सिगरेट खरीदने को लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच मारपीट हो गई है। एक रुपए कम देने और दुकानदार द्वारा मांगने पर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में तीन ग्राहक और एक दुकानदार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया। मारपीट में दुकानदार इंस्पेक्टर गोस्वामी और ग्राहक अमन पांडेय, आकाश पांडेय तथा आनंद पांडेय को चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि अमन पांडेय अपने दो दोस्तों के साथ इंस्पेक्टर गोस्वामी की दुकान पर सिगरेट खरीदने गए थे। अमन पांडेय ने दुकानदार को एक रुपए कम दिए, जिस पर दुकानदार ने कम पैसे लेने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट हुई। घटना के बाद दुकानदार इंस्पेक्टर गोस्वामी ने ग्राहक अमन पांडेय, आकाश पांडेय और आनंद पांडेय के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, ग्राहक अमन पांडेय ने भी दुकानदार इंस्पेक्टर गोस्वामी और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है।
करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि सिगरेट के एक रुपए को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed