ब्लॉक बेहजम के ग्राम पंचायत टेडवा में होली पर्व के शुभ अवसर पर तड़के लगभग 4 बजे पूरे विधि-विधान, पारंपरिक रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
होलिका दहन से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसमें गांव के वरिष्ठजनों और बुजुर्गों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को आशीर्वाद देते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होलिका दहन के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामवासियों द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी 4 तारीख को रंग एवं मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे गांव में पारंपरिक ढंग से होली खेली जाएगी, एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां दी जाएंगी तथा आपसी मेल-मिलाप का कार्यक्रम आयोजित होगा।
गांव में होली को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। साफ-सफाई, सजावट और आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्रामीणों में इस वर्ष होली पर्व को और अधिक उल्लास और एकता के साथ मनाने का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
होलिका दहन के साथ ही रंगों के इस पावन पर्व की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है और ग्राम पंचायत टेडवा में त्योहार की रौनक चारों ओर दिखाई दे रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed