बाराबंकी में आवारा कुत्तों का खतरा बढ़ गया है। बीते एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों और कई पालतू पशुओं पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार सुबह गांव निवासी अबरार अहमद की पुत्री मिस्बाह खातून घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को अपने जबड़ों में जकड़ लिया। उसे जमीन पर गिराकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामला फतेहपुर थाना क्षेत्र के ररिया गांव का है।बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर लगभग 40 टांके लगाए। बाद में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक इलाज और एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया गया।
डॉ. अवधेश कौशल ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर गहरे घाव हैं। बेहतर इलाज और इम्यूनोग्लोबुलिन के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आवारा कुत्तों को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *