बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिला शिक्षा परियोजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, एडीएम श्री निरंकार सिंह ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार एवं विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
ग्रीष्मकालीन अवकाश में पूर्ण कराए जाएं कायाकल्प कार्य
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालयों की रसोइयों में कायाकल्प योजना के अंतर्गत टाईलीकरण, शौचालय निर्माण एवं मरम्मत संबंधी कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने सभी विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय परिसरों, छतों, नालियों एवं अन्य स्थानों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
कस्तूरबा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी विकासखंडों में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नामित नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्राप्त कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कस्तूरबा विद्यालयों में संचालित निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य गुणवत्ता पूर्ण ढंग से कराए जाएं।
बैठक में डीबीटी, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यालय निरीक्षण एवं अन्य शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी द्वारा स्कूल चलो अभियान की भी समीक्षा करते हुए नामांकन बढ़ाने एवं अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने हेतु प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर उन्नति सुनिश्चित करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसके लिए सभी अधिकारी एवं शिक्षक समन्वित रूप से कार्य करें।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed