एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट मोहम्मदी, खीरी।
मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बालमिया बढ़खर स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति न० लि० बड़खर, विकास खंड मोहम्मदी में किसानों को खाद लेने के लिए लगातार कई दिनों तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भीषण गर्मी और खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद न मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम बढ़खर निवासी किसान राम अवतार ने बताया कि वह पिछले छह दिनों से समिति पर खाद लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें खाद नहीं मिल सकी। वहीं किसान दिनेश कुमार ने बताया कि वह पांच दिनों से लगातार समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर वापस कर दिया जाता है।
इसी तरह किसान श्याम प्रकाश, संदीप कुमार और बच्चू लाल ने आरोप लगाया कि जब भी खाद लेने समिति पर पहुंचते हैं तो कभी मशीन चार्ज न होने, कभी सर्वर डाउन होने तो कभी अगले दिन आने की बात कहकर टाल दिया जाता है। किसानों का कहना है कि लगातार तीन-चार दिनों से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है।
इस संबंध में समिति के कर्मचारी सतीश सिंह (अकाउंटेंट) से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि कल दो ट्रक यूरिया खाद की गाड़ियां समिति पर पहुंची थीं। जिन किसानों के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज पहले से जमा हैं, उन्हें शनिवार से सोमवार तक खाद वितरित की जाएगी।
वहीं इस मामले में वीडियो कोऑपरेटिव सचिन तिवारी ने बताया कि समिति पर कुल 54 टन यूरिया उपलब्ध हुई है। जिन किसानों के टोकन पहले से जमा हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद दी जा रही है, जबकि आज जिन किसानों के टोकन बनाए जा रहे हैं उन्हें सोमवार तक खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु नहीं किया गया तो खेती का कार्य प्रभावित हो सकता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि समिति पर पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से खाद वितरण कराया जाए ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *