रिपोर्ट- पुनीत शुक्ला हरदोई

हरदोई।बिलग्राम तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार चालक की घोर लापरवाही के कारण स्कूली बच्चों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक स्टीयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत 9 छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसा उस समय हुआ जब स्कूली बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सर्विस लेन पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने यातायात नियमों को ठेंगा दिखाते हुए बस को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बस के भीतर मासूम बच्चों में चीख-पुकार मच गई और अचानक हुए इस हादसे से बच्चे बुरी तरह सहम गए।हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे घायल बच्चों और चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।चश्मदीदों के मुताबिक, कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही ही इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बनी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *