गोंडा- जिले के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 विकास खंडों में तैनात खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दयानंद प्रसाद ने इस संबंध में आधिकारिक तबादला आदेश जारी कर दिया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार ग्रहण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रशासनिक बदलाव जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की स्वीकृति के बाद अमल में लाया गया है।

वर्तमान में जिले के 16 विकास खंडों के सापेक्ष केवल नौ नियमित बीडीओ और एक संयुक्त बीडीओ तैनात हैं। इस कमी को देखते हुए कई ब्लॉकों की कमान अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई थी। अब कुछ अधिकारियों को इन अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। कटराबाजार में बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एसडीएम विनीत कुमार को इस जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

तबादला सूची के अनुसार, बीडीओ संजय कुमार श्रीवास्तव को नवाबगंज से पंडरीकृपाल, गौरीशा श्रीवास्तव को मनकापुर से रुपईडीह, राम लगन वर्मा को बभनजोत से नवाबगंज और ओम प्रकाश सिंह को पंडरीकृपाल से बभनजोत भेजा गया है। अभय कुमार सिंह को रुपईडीह से छपिया स्थानांतरित किया गया है, साथ ही उन्हें मनकापुर ब्लॉक के कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। मानू लाल यादव को छपिया से तरबगंज, रवि गुप्ता को तरबगंज से बेलसर और वीरेंद्र कुमार मिश्र (संयुक्त खंड विकास अधिकारी) को झंझरी से मनकापुर भेजा गया है।

सत्य प्रकाश पांडेय को मुजेहना से हटाकर परसपुर की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों की कमी को पूरा करने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। बीडीओ विजय कुमार मिश्र (इटियाथोक) को अपने वर्तमान कार्यभार के साथ मुजेहना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उपायुक्त स्वत: रोजगार जेएन राव को झंझरी ब्लॉक के बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बीडीओ देवनायक सिंह (हलधरमऊ) को कटराबाजार ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

सीडीओ दयानंद प्रसाद ने बताया कि इन तबादलों का मुख्य उद्देश्य जिले के विकास कार्यों में तेजी लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाना है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *