
रवि रावत रिपोर्टिंग इंचार्ज फतेहपुर की खास रिपोर्ट
फतेहपुर के झांसा गांव में सड़क हादसे में अपने पति समेत चार परिजनों को खोने वाली गंभीर घायल आरती चौहान को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
रविवार को विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह और तहसीलदार वैशाली अहलावत ने लखनऊ के डिवाइन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पहुंचकर आरती को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये का चेक सौंपा।
यह हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से नीरज चौहान और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई थी। इस दुर्घटना में नीरज की पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने अस्पताल में चिकित्सकों से आरती के इलाज के संबंध में जानकारी ली और उन्हें बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें किसी भी प्रकार की आर्थिक या चिकित्सकीय परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने बताया कि घायल महिला को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है, ताकि उनके इलाज में कोई बाधा न आए। इसके अतिरिक्त, जनसहयोग से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद प्रदान की गई है।
इससे पूर्व, सांसद तनुज पुनिया ने भी अस्पताल पहुंचकर आरती का हालचाल जाना था। झांसा गांव में हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल है।
