रिपोर्टर :- विनीत तिवारी एम डी न्यूज़ (लखीमपुर)
बेहजम खीरी। बेहजम विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती और सप्लाई बंद रहने से लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
अल्हवापुर, बहादुरपुर, टेडवा, भूलनपुर, मूसेपुर समेत कई गांवों में लोग बिजली न आने से बेहाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय कर्मचारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
एक ओर सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर बेहजम क्षेत्र की जमीनी हकीकत सरकारी दावों की पोल खोल रही है। लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। मोबाइल चार्जिंग, पंखे और कूलर बंद होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। रात के समय अंधेरे और उमस भरी गर्मी के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे मजबूर होकर प्रदर्शन और धरना देने के लिए बाध्य होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *