
शोएब की रिपोर्ट चन्दौली*
चंदौली: जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित एक नवनिर्मित मार्ग के उद्घाटन शिलापट्ट को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। रविवार की रात को अंजाम दी गई इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और भारतीय पाना पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।आम जनता ने इस कृत्य को क्षेत्र के विकास और जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के तुलसी आश्रम मार्ग से ग्राम हरिहरपुर तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत कराया गया था। इस लोक कल्याणकारी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 85.20 लाख रुपये थी। सड़क का निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न होने के बाद वहां एक उद्घाटन शिलापट्ट लगाया गया था, जिस पर स्थानीय भाजपा विधायक सुशील सिंह का नाम अंकित था। रविवार की देर रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने इस शिलापट्ट को पूरी तरह तोड़ दिया। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण वहां से गुजरे, तो टूटा हुआ बोर्ड देखकर उनका गुस्सा भड़क गया।यह कोई पहली घटना नहीं है जब क्षेत्र में विकास कार्यों के शिलापट्ट को नुकसान पहुंचाया गया हो। भाजपा के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय सिंह दीपू ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि सैयदराजा में यह तीसरी बार है जब ऐसी कायराना हरकत की गई है। इससे पहले भोलापुर में करीब 79 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क के उद्घाटन बोर्ड को अराजक तत्वों ने तोड़ दिया था। इसके बाद बजरडीहा में लगे एक अन्य शिलापट्ट को भी निशाना बनाया गया था। अब हरिहरपुर गांव में लगातार तीसरी बार हुई इस घटना से साफ है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि एक सुनियोजित शरारत है।लगातार जनप्रतिनिधियों और सरकारी संपत्ति को निशाना बनाए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विकास से चिढ़ने वाले लोग ही इस तरह की घटिया हरकत कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल्द ही संबंधित थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गर्मा गया है और पुलिस से इन शरारती तत्वों की त्वरित पहचान कर उन्हें जेल भेजने की मांग की जा रही है।
