रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कसौधन

महराजगंज। जनपद में बकरीद एवं अन्य आगामी त्योहारों के शांतिपूर्ण और सकुशल आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।


बैठक के दौरान एसपी ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाए जाएं। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।


एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में त्योहारों के सफल आयोजन के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पर्वों के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और जिले में शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed