MD न्यूज़ (मोहम्मद अशफाक)

लखीमपुर खीरी । जेठ माह के चौथे बड़े मंगल के पावन अवसर पर एवन हेल्थ केयर फाउंडेशन की ओर से श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए फाउंडेशन द्वारा लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन खुटार रोड़ स्थित बड़ी नहर के प्रमुख मार्ग पर किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं और राहगीरों की भारी भीड़ देखने को मिली। फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ लोगों को शरबत वितरित किया। इस दौरान “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” का संदेश भी दिया गया।
फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि बड़े मंगल का पर्व भगवान हनुमान जी की भक्ति और सेवा भावना का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए संस्था हर वर्ष सामाजिक सेवा के कार्य करती है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और फाउंडेशन के इस सेवा कार्य की सराहना की। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष मो.फ़राज़ खान , उपाध्यक्ष नूरुल खान, सचिव आमिर खान सईदी, महा सचिव मनीष शर्मा , कोषाध्यक्ष आशुतोष कश्यप, पवन कुमार , महफूज़ खान, नईम आदि पदाधिकारी, अयूब समाजसेवी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *