दबंगों के खौफ से दलित परिवार का जीना मुहाल, काले कोट की धौंस देकर मिल रही झूठे मुकदमों की धमकी

थाना, चौकी और तहसील के चक्कर काट कर हारा पीड़ित, अभी तक नहीं मिली न्याय की आस

ग्राम मूड़ा खालसा के मजरा नरायनपुर का मामला, कोर्ट में लंबित है 5 वर्ष पुराना खूनी संघर्ष का मुकदमा

बहुयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट

मोहम्मदी-खीरी। कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र की पुलिस चौकी अमीन नगर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मूड़ा खालसा के मजरा नरायनपुर में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एक पीड़ित दलित परिवार का अपने ही घर में रहना दूभर हो गया है। गांव के ही दबंगों की रोज-रोज की प्रताड़ना और धमकियों के कारण पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित द्वारा थाना, चौकी, तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक न्याय की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों की चौखट पर हफ्तों चक्कर काटने के बाद भी गरीब डालचंद को अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है, न्याय नहीं।
नरायनपुर निवासी पीड़ित डालचंद गौतम का आरोप है कि गांव के ही दबंग रमेश सिंह यादव और प्रेम सिंह यादव ने अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर उनका जीना दुश्वार कर रखा है। डालचंद ने बताया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति पेशे से वकील (अधिवक्ता) है। वह अपनी वकालत और काले कोट की धौंस दिखाकर लगातार दलित परिवार का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न कर रहा है। कानून का जानकार होने का नाजायज फायदा उठाकर आरोपी आए दिन पीड़ित परिवार को जातिसूचक अपशब्द कहता है, गाली-गलौज करता है और विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने व जान से मारने की धमकी देता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद बेहद पुराना और पेचीदा है। करीब 5 वर्ष पूर्व इसी जमीन के टुकड़े को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक भीषण खूनी लड़ाई भी हो चुकी है, जिसका मुकदमा वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद दबंगों के हौसले पस्त नहीं हो रहे हैं और वे लगातार पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो इन दबंगों का गांव के कई अन्य सीधे-साधे लोगों से भी पूर्व में विवाद हो चुका है।
रोज-रोज की प्रताड़ना और जान के खतरे को देखते हुए पीड़ित डालचंद ने स्थानीय पुलिस समेत उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में चौकी पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश और कोर्ट में लंबित मुकदमे से जुड़ा है। शिकायती पत्र के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही दोषियों के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *