रिपोर्ट-जितेंद्र ठाकुर


बरसाना (मथुरा)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ईंधन बचाओ, पर्यावरण बचाओ’ की अपील का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में धर्मनगरी बरसाना में क्षेत्र के युवाओं ने सड़कों पर उतरकर पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया। जिला पंचायत सदस्य आर. पी. सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने एक विशाल साइकिल जागरूकता रैली निकाली, जिसका उद्देश्य लोगों को पेट्रोल-डीजल की सीमित खपत और साइकिल चलाने के फायदों के प्रति जागरूक करना था।


राणा की प्याऊ’ से शुरू हुआ सफर
यह जागरूकता रैली बरसाना के प्रसिद्ध स्थल ‘राणा की प्याऊ’ से बेहद उत्साह और ऊर्जा के साथ शुरू हुई। हाथों में तख्तियां और ईंधन बचाने के स्लोगन लिए युवाओं का यह काफिला बरसाना के मुख्य बाजारों से होकर गुजरा। बाजार में स्थानीय दुकानदारों और आम जनता ने युवाओं के इस प्रयास का स्वागत किया और उनकी सराहना की। रैली का समापन ‘मेरो प्यारो बरसाना’ स्थल पर जाकर हुआ।


इन युवाओं ने संभाली कमान
रैली में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य आर. पी. सिंह, कमल ठाकुर, पवन, कल्याण, मुकेश, पवन ठाकुर और विष्णु सहित भारी संख्या में तमाम स्थानीय युवा मौजूद रहे।


ईंधन भी बचेगा, सेहत भी बनेगी
रैली का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य आर. पी. सिंह ने कहा, “आज जिस तरह से प्रदूषण और ईंधन की खपत बढ़ रही है, उसे देखते हुए हमें अपनी आदतों में बदलाव करना होगा। प्रधानमंत्री मोदी जी की यह अपील देशहित में है। अगर हम छोटी दूरियों के लिए साइकिल का इस्तेमाल करेंगे, तो न सिर्फ ईंधन बचेगा बल्कि हमारी सेहत भी दुरुस्त रहेगी।”
युवाओं के इस अनूठे प्रयास की पूरे बरसाना क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है और लोग इसे एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं।
ईंधन बचाने की पीएम मोदी की अपील का असर: बरसाना में जिला पंचायत सदस्य आर.पी. सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने निकाली साइकिल रैली

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *