बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा गांव में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, भगाईपुर निवासी 26 वर्षीय राधेश्याम पुत्र छोटेलाल अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। छेड़दा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राधेश्याम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राधेश्याम की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चिकित्सक डॉ. अवनीश चौधरी ने बताया कि युवक के शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
उधर, घटना की सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हुई। चौकी इंचार्ज छेदा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रवि रावत की रिपोर्ट
