विधायक की पेट्रोल पंप, ईंट भट्ठे और विद्यालय के पास हुई वारदात, मौके से मिला संदिग्ध मोबाइल; पुलिस जांच में जुटी


बहु आयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रहरी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट
मोहम्मदी खीरी। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहम्मदी-बरबर हाईवे किनारे स्थित पाल गांव में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अफजल के मकान के पीछे चोरों ने सेंध लगाकर घर में प्रवेश किया। उस समय परिवार के सदस्य छत और बरामदे में सो रहे थे। चोर कमरे में रखे सोने के झुमके, पेंडल, जंजीर सहित लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात तथा करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
इसी रात चोरों ने गांव के ही मुनव्वर के घर को भी निशाना बनाया। मकान के पीछे सेंध लगाकर घर में दाखिल हुए चोर सोने के झुमके, जंजीर, पायल सहित लगभग दो लाख रुपये के जेवरात तथा करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित सईद ने बताया कि चोरी हुए कुछ जेवर उनकी बहन के भी थे।
सबसे हैरानी की बात यह है कि दोनों घटनास्थल मोहम्मदी से महज तीन किलोमीटर दूर हाईवे किनारे स्थित हैं। आसपास विधायक का पेट्रोल पंप, एक ईंट भट्ठा और प्राथमिक विद्यालय भी मौजूद है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इतने महत्वपूर्ण स्थानों के समीप चोरी हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों के पीछे खेतों में टूटे बक्से, बिखरे कपड़े और सेंध के निशान मिले। सूचना पर डायल-112 पुलिस और हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अंजना जायसवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस महत्वपूर्ण सुराग मान रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि घरों के पीछे लकड़ी का कारोबार होता है, जहां ट्रकों से लकड़ी उतारी और लादी जाती है। रात में होने वाले शोरगुल के कारण किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों ने इस गतिविधि पर भी सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 मई को पड़रिया गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र चौरसिया ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल लगातार हो रही चोरियों ने मोहम्मदी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण अब जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
