बहुयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट

मोहम्मदी खीरी। मोहम्मदी तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरखेरा के मजरा मन्नापुर ग्रामीण वर्षों से मुख्य मार्ग की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव तक पहुंचने वाला पारंपरिक रास्ता कब्जे की भेंट चढ़ गया है, जिसके कारण लोगों को महज 200 मीटर की दूरी तय करने के बजाय करीब डेढ़ किलोमीटर घूमकर गांव पहुंचना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार कुलतार मार्ग से सीधे गांव तक पहुंचने के लिए पहले एक आम रास्ता था, जिसका उपयोग गांव बसने के समय से किया जाता रहा है। लेकिन वर्तमान में रास्ते पर कब्जा होने के कारण लोगों को खेतों की मेड़ों के सहारे गांव में प्रवेश करना पड़ता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब मेड़ों पर फिसलकर लोग घायल हो जाते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण मीही लाल, राम लड़ैते, रामकुमार, राजेश कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों, क्षेत्रीय विधायक और जिला पंचायत सदस्य को अवगत कराया गया। रास्ते की नाप भी कराई गई और कई बार धरना-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि गांव का यह रास्ता बहाल हो जाए तो लोगों को वैकल्पिक और लंबा रास्ता नहीं अपनाना पड़ेगा तथा आवागमन सुगम हो जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मौजूदा विधायक से दूरी बनाने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि गांव को जाने का रास्ता अभिलेखों में दूसरी जगह से दर्ज है, जो गांव तक जाता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग है कि वर्षों पुरानी इस समस्या का शीघ्र समाधान कर गांव तक सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *