बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब बालू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। चालक का एक साथी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया।

बताया गया कि ट्रक घाघरा घाट से बालू लादकर सिधौली जा रहा था। रात करीब तीन बजे चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर खाला के कोतवाल अमित सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाई गई। अंधेरी रात और क्षतिग्रस्त केबिन के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने लगातार करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। ट्रक चला रहे उबैद (18) पुत्र गुड्डू निवासी मनवा चौकी, थाना अटरिया, जिला सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, उसके साथ ट्रक में सो रहे आफताब को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। आफताब ने बताया कि लंबी दूरी और लगातार वाहन चलाने के कारण चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान में सहयोग किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी करेगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *