मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। थाना बुढ़ाना पुलिस ने लूट, चोरी और डकैती जैसी वारदातों में वांछित एक शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि अभियुक्त लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उसकी गिरफ्तारी से कई मामलों के खुलासे की उम्मीद है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

मुजफ्फरनगर पुलिस का अपराधियों को स्पष्ट संदेश— कानून से बड़ा कोई नहीं, अपराध का अंजाम जेल ही है।

16 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *