एमडी न्यूज़ रिपोर्टर मुनताज अली
वाराणसी। थाना राजातालाब क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्र डॉ. राममनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भैरवतालाब, राजातालाब, वाराणसी में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रथम पाली की लिखित परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी दीपक कुमार ज्येष्ठवन्त पुत्र कामाख्या प्रसाद के स्थान पर उसका चचेरा भाई राज कुमार साह पुत्र अच्छे लाल द्वारा कूटरचित प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड तैयार कर, फोटो एडिट कराते हुए फर्जी तरीके से परीक्षा देने का प्रयास किया गया। चेकिंग के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन, आईरिस स्कैन एवं फेस मैचिंग में बार-बार मिसमैच पाए जाने पर मामला संज्ञान में आया। केन्द्र व्यवस्थापक प्रो० रणधीर सिंह की तहरीर के आधार पर थाना राजातालाब पर मु0अ0सं0 0105/2026, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 7/13(3) एवं 8/13(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

थाना राजातालाब पुलिस द्वारा उक्त मुकदमे में वांछित अभियुक्त राज कुमार साह पुत्र अच्छे लाल, उम्र लगभग 31 वर्ष व दीपक कुमार ज्येष्ठवन्त पुत्र कामाख्या प्रसाद, उम्र लगभग 30 वर्ष निवासीगण ग्राम महराजपुर, पोस्ट चांदपुर, थाना सहतवार, जनपद बलिया, उम्र लगभग 30 वर्ष को गिरफ्तार कर उनके पास से कुटरचित आधारकार्ड, व अन्य दस्तावेज (01 मूल आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 01 एडमिट कार्ड (छायाप्रति), 01 ओएमआर आंसर शीट (द्वितीय प्रति)01 प्रश्न पुस्तिका जब्त किए गए) बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया ।
पूछताछ में राज कुमार साह ने स्वीकार किया कि उसने कूटरचित आधार कार्ड तैयार कर अभ्यर्थी दीपक कुमार ज्येष्ठवन्त के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास किया था। उसने बताया कि वास्तविक अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के बाहर मौजूद है, जिस पर पुलिस द्वारा दीपक कुमार को भी हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान दीपक कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने स्थान पर राज कुमार साह को परीक्षा देने के लिए भेजा था तथा आवेदन से संबंधित दस्तावेजों में हेरफेर कर कूटरचित अभिलेख तैयार किए गए थे। दोनों अभियुक्तों ने परीक्षा में अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से यह कृत्य करना स्वीकार किया।
