पकरिया गांव में सुहेलदेव आर्मी संगठन ने मनाया विजय दिवस, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

मोहम्मदी, खीरी। मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र-144 के ग्राम पकरिया में बुधवार को सुहेलदेव आर्मी संगठन द्वारा महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम को याद किया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव आकाश पासी, सत्य पासी, श्रीनगर विधानसभा अध्यक्ष सुशील पासी, मोहम्मदी विधानसभा अध्यक्ष मेवाराम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर मोहम्मदी के गुरेला मोड़ से ग्राम पकरिया तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली पूरे गांव में भ्रमण करते हुए लोगों को महाराजा सुहेलदेव के संघर्ष और बलिदान की जानकारी देती रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित पासी ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा और संघर्ष दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षित बनने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय महासचिव आकाश पासी ने महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम की कथा सुनाते हुए कहा कि वे ऐसे वीर योद्धा थे जिनके साहस और रणकौशल के सामने बड़े-बड़े योद्धा भी टिक नहीं पाते थे।
वक्ताओं ने बताया कि 10 जून को महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि वर्ष 1034 ईस्वी में इसी दिन बहराइच के युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रमणकारी सैय्यद सालार मसूद की सेना को पराजित कर भारतीय संस्कृति, धर्म और मातृभूमि की रक्षा की थी। यह ऐतिहासिक युद्ध बहराइच स्थित चित्तौरा झील के किनारे लड़ा गया था, जिसे भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण विजय के रूप में याद किया जाता है।
कार्यक्रम का समापन शाम करीब 5:30 बजे हुआ। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

6 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *