पीएम जनमन आवास लाभार्थियों के घर पहुंची कलेक्टर
आवासों का अवलोकन कर जाना अनुभव
पहाड़ी कोरवा परिवारों के प्रयासों को सराहाबलरामपुर, 11 जून 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड कुसमी के ग्राम जिगनिया के सुपढाका पारा पहुंचकर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार के हितग्राही ढुली एवं देवनाथ राम के आवासों का देखा।
कलेक्टर ने हितग्राहियों से पक्के आवास में रहने के अनुभव और योजना से मिले लाभ की जानकारी ली। हितग्राहियों ने बताया कि पहले वे कच्चे मकान में रहते थे, जहां बारिश और अन्य मौसम के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्का आवास मिलने से उनका परिवार सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहा है।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि हितग्राहियों ने शासन से प्राप्त सहायता राशि का बेहतर उपयोग करते हुए अपने संसाधनों से भी योगदान दिया है। इसी का परिणाम है कि उन्होंने मजबूत, व्यवस्थित और आकर्षक आवास का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा तैयार किया गया आवास अन्य हितग्राहियों के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण है।
कलेक्टर ने आवास निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब लाभार्थी अपनी भागीदारी और मेहनत से और बेहतर स्वरूप प्रदान करें। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा आवास निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
समाचार




