योग फॉर हेल्थी एजिंग थीम के साथ शाही किले में भव्य आयोजन

जौनपुर अच्छेलाल राजभर की रिपोर्ट

जौनपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक शाही किला परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योग फॉर हेल्थी एजिंग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 2500 से 3000 लोगों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह “प्रिंशू”, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग बनाती है। उन्होंने जनपदवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट, स्वास्थ्य शिविर, हेल्थ डेस्क, पेयजल एवं फल वितरण की व्यवस्था की गई। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ लोगों को पौधों का भी वितरण किया गया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की सराहना की। योग सप्ताह के दौरान 15 से 20 जून तक जनपद के विभिन्न स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों में 6.71 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *