धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो एमडी न्यूज़
महराजगंज (उत्तर प्रदेश): सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगदौर गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां रविवार शाम को भैंस चराने गया एक 8 वर्षीय बच्चा नारायणी नदी के देवरिया नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदौर निवासी चुल्हाई विश्वकर्मा का 8 वर्षीय पुत्र रितेश अपने चचेरे भाई विवेक (12 वर्ष) पुत्र पप्पू विश्वकर्मा के साथ रविवार शाम करीब 4 बजे घर से भैंस चराने निकला था। जगदौर पुल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर मिठौरा की तरफ दोनों भैंसों के साथ नहर में उतर गए।
नहर में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। बड़ा भाई विवेक तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन मासूम रितेश पानी की तेज लहरों में बह गया।

प्रशासनिक अमला मौके पर, रेस्क्यू जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत एक्शन में आ गया। सिंदूरिया एस.ओ. विशाल कुमार शुक्ल और सीओ सदर अंकुर गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ताजा स्थिति: मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को भी बुला लिया गया है। SDRF की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लगातार नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, अभी तक मासूम रितेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तलाश का काम युद्धस्तर पर जारी है।
