बदायूं। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने थाना सिविल लाइन में नवनिर्मित जनसुनवाई कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने जनसुनवाई कक्ष एवं थाना परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाए। साथ ही पुलिस कर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार अपनाने के निर्देश भी दिए।

एसएसपी ने कहा कि जनसुनवाई कक्ष के शुरू होने से फरियादियों को अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराने में सुविधा होगी तथा उन्हें एक व्यवस्थित वातावरण में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान थाना सिविल लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने जनहित में शुरू की गई इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पुलिस-जनता संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *