रिपोर्टर अनमोल श्रीवास्तव
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लटिया चौराहे पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर तकियवा गांव निवासी तीन युवक किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान लटिया चौराहे के पास उनकी बाइक एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में समीर (20 वर्ष) पुत्र निवासी कंचनपुर तकियवा तथा शाकिब (13 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शोएब (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लटिया चौराहा क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरा क्षेत्र इस घटना से स्तब्ध है।

थाना प्रभारी भवानीगंज विजय शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
