वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़

रूदौली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 के दक्षिणी छोर पर बंद किए गए आवागमन मार्ग को पुनः खोलने की मांग अब सांसद स्तर तक पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के नेता एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार की पहल पर बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), लखनऊ को पत्र भेजकर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सांसद तनुज पुनिया ने अपने पत्र में कहा है कि रूदौली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-2 के दक्षिणी छोर पर पहले यात्रियों के आने-जाने के लिए मार्ग उपलब्ध था, जिसे बंद कर दिए जाने के कारण स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और वहां से अपने गंतव्य तक जाने के लिए लगभग 3 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह समस्या विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दैनिक यात्रियों के लिए अधिक गंभीर है। जनहित और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बंद मार्ग को पूर्व की भांति बहाल किया जाना आवश्यक है। सांसद ने रेलवे प्रशासन से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार इस समस्या को उठाया जा रहा था। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए उन्होंने सांसद से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था, जिस पर सांसद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीआरएम लखनऊ को पत्र भेजा है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने सांसद के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन जल्द ही मार्ग को खोलने का निर्णय लेगा, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और उनकी आवाजाही पहले की तरह सुगम हो सकेगी।

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *