MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
टॉयलेट के बाहर से लेकर अंदर तक गंदगी का अंबार, दुर्गंध से पूरा परिसर बेहाल
फतेहपुर के विकास भवन में साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। टॉयलेट के बाहर से लेकर अंदर तक गंदगी का अंबार लगा हुआ है। चारों ओर फैली तेज बदबू के कारण वहां काम करने वाले कर्मचारियों, बाबुओं, सुरक्षा गार्डों और अपनी समस्याएं लेकर आने वाले फरियादियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी खराब है कि टॉयलेट के आसपास कुछ देर खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। सुरक्षा गार्ड, जो घंटों वहीं ड्यूटी करते हैं, उन्हें भी मजबूरी में इस दुर्गंध को झेलना पड़ रहा है। वहीं रोजाना आने वाले आम नागरिक भी इस अव्यवस्था से परेशान हैं।
गंदगी और बदबू के कारण संक्रमण एवं संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। यह स्थिति न केवल स्वच्छता अभियान की हकीकत बयां करती है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर भी सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि विकास भवन में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर टॉयलेट की नियमित सफाई, कीटाणुनाशक छिड़काव और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों और आम जनता को राहत मिल सके।


