5 गांवों के लिए सिर्फ 100 बोरी यूरिया! किसानों में आक्रोश, वितरण रोकने की मांग
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज
लखीमपुर खीरी। विकास खण्ड बेहजम की अछनिया सरकारी साधन सहकारी समिति पर लगभग डेढ़ माह बाद यूरिया खाद पहुंची है, लेकिन समिति द्वारा ग्राम टेड़वा, पुरवा, खजुरिया, पहाड़ा एवं बेहड़ा जैसे पांच गांवों के लिए मात्र 100 बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है। इसे लेकर किसानों में भारी नाराजगी है।

किसानों का कहना है कि जहां अन्य गांवों को एक-एक गांव के लिए लगभग 200-200 बोरी यूरिया उपलब्ध कराई गई है, वहीं पांच गांवों के हिस्से में केवल 100 बोरी देना किसानों के साथ अन्याय है।

किसानों ने समिति से सवाल किया है कि जब पांच गांवों के लिए सिर्फ 100 बोरी यूरिया है, तो उसका निष्पक्ष वितरण आखिर किस आधार पर और कैसे किया जाएगा? इतनी कम मात्रा में सभी पात्र किसानों को खाद मिलना संभव नहीं है, जिससे विवाद और अव्यवस्था की आशंका बनी हुई है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि 04 जुलाई 2026 को प्रस्तावित यूरिया वितरण फिलहाल स्थगित किया जाए। पहले समिति पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराई जाए, उसके बाद ही सभी किसानों के बीच पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से वितरण कराया जाए।

इस संबंध में किसानों ने जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी को प्रार्थना-पत्र देकर पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने और सभी किसानों के हित में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

9 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *