महराजगंज में पुलिस का फ्लैग मार्च, पैदल गश्त कर संदिग्धों की सघन चेकिंग –
महराजगंज। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का प्रभाव स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुरुवार को पूरे जिले में व्यापक पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों, सर्राफा बाजारों, वित्तीय संस्थानों तथा अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने बिना किसी उचित कारण के सार्वजनिक स्थानों पर खड़े संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और उनसे पूछताछ की। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उनकी राय भी जानी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल डायल 112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed