हाथरस, 3 जुलाई। हाथरस पुलिस ने एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट की संयुक्त कार्रवाई में ₹25 हजार के इनामी बदमाश मोना ठाकुर उर्फ सचप्रताप सिंह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं आमने-सामने की फायरिंग में पुलिस की गाड़ी तथा थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 18 जून को हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश ढाबे के सामने हुई फायरिंग की घटना में वांछित था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। शुक्रवार को मथुरा-बरेली हाईवे पर मेंडू-रूहेरी रोड के पास हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और एक होंडा अमेज कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार मोना ठाकुर थाना हाथरस जंक्शन का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हाथरस से राजा पाठक की रिपोर्ट

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *