एम.डी.न्यूज से
राममिलन कुमार की रिपोर्ट
गोरखपुर :- खजनी कस्बे में सरेशाम हुई बाइक चोरी की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी देशी शराब की दुकान के पास स्थित एक बेकरी के सामने खड़ी बजाज प्लेटिना बाइक (UP 53 AY 6544) अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बसडीला गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता पुत्र कन्हैयालाल गुप्ता अपनी बाइक खड़ी कर बाजार में सामान खरीदने गए थे। कुछ ही मिनट बाद लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। काफी तलाश और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित की तहरीर पर खजनी पुलिस ने केस संख्या 214/2026 में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
थानाध्यक्ष जयन्त कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।

