एम.डी.न्यूज से
राममिलन कुमार की रिपोर्ट

गोरखपुर:- पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चल रहे वन महोत्सव के तहत गोरखपुर की कैंम्पियरगंज वन रेंज में बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। वन विभाग की टीम स्कूलों, ग्राम पंचायतों, चौराहों, सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है। इस अभियान में वन क्षेत्राधिकारी सी.पी. तिवारी के निर्देशन में डिप्टी रेंजर राहुल सिंह की भूमिका विशेष रूप से चर्चा में है।

डिप्टी रेंजर राहुल सिंह अपनी कार्यशैली, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण के लिए वन विभाग में अलग पहचान बना चुके हैं। उनके नेतृत्व में कैंम्पियरगंज वन रेंज के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। वह स्वयं मौके पर पहुंचकर पौधों के रोपण, सुरक्षा और उनकी नियमित निगरानी कर रहे हैं, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बन सकें।

राहुल सिंह का मानना है कि “सिर्फ पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल ही अभियान की वास्तविक सफलता है।” इसी सोच के साथ वह प्रत्येक पौधे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय लोगों, ग्राम प्रधानों, विद्यालयों के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को भी इस अभियान से जोड़ रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार राहुल सिंह इससे पहले घोड़सार वन चौकी, सदर चौकी और भौराभारी वन चौकी सहित कई स्थानों पर तैनात रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने लाखों पौधों के रोपण एवं संरक्षण का कार्य कराया। उनके प्रयासों से कई क्षेत्रों में पौधों का बेहतर जीवित प्रतिशत दर्ज किया गया, जो वन विभाग के लिए उपलब्धि माना जाता है।

वन महोत्सव के अंतर्गत इस समय कैंम्पियरगंज रेंज के विभिन्न विद्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण अभियान लगातार जारी है। आम, पीपल, नीम, बरगद, शीशम, अर्जुन, जामुन सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाने, नियमित सिंचाई कराने और समय-समय पर निरीक्षण की व्यवस्था भी की जा रही है।

डिप्टी रेंजर राहुल सिंह स्वयं ग्रामीणों को पौधों के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहते हैं कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उनका कहना है कि यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।

वन क्षेत्राधिकारी सी.पी. तिवारी ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग की टीम को सक्रिय रखा है। उनके निर्देशन में पूरे वन क्षेत्र में पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। विद्यालयों में छात्रों को पौधों का महत्व बताया जा रहा है और उन्हें एक-एक पौधा गोद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कैंम्पियरगंज वन रेंज में चल रहे इस अभियान की स्थानीय लोग भी सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल पर भी गंभीरता से काम कर रहा है। यही कारण है कि कैंम्पियरगंज रेंज पौध संरक्षण के क्षेत्र में गोरखपुर जिले की अग्रणी रेंजों में अपनी पहचान बना रही है।

वन विभाग का कहना है कि वन महोत्सव समाप्त होने के बाद भी पौधों की नियमित निगरानी जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रह सकें और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र और अधिक हरा-भरा बन सके। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता पैदा करना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *