जीआरपी बाराबंकी ने 4 लाख के गहने-नकदी से भरा पर्स यात्री को लौटाया

रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना मिलते ही प्लेटफार्म से बरामद किया बैग

बाराबंकी। रेलवे स्टेशन बाराबंकी पर जीआरपी पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए मुंबई निवासी एक बुजुर्ग दंपत्ति का 4 लाख रुपये कीमत का सामान से भरा पर्स उन्हें सकुशल वापस लौटा दिया। थाना जीआरपी बाराबंकी प्रभारी चन्द्रमणि पाण्डेय ने बताया कि 3 जुलाई 2026 की रात एसआरपी कन्ट्रोल रुम लखनऊ से सूचना प्राप्त हुई कि बरकत अली पुत्र अजमत अली, निवासी म्हाड़ा कालोनी,मुम्बई ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर बताया कि वह और उनकी पत्नी नसीम बानों आगरा जाने के लिए प्लेटफार्म नं0-03 पर बैठे थे। ट्रेन आने की जल्दी में उनकी पत्नी का गुलाबी रंग का लेडीज पर्स सीट पर ही छूट गया। पर्स में 02 सोने की अंगूठी,1 गले की चैन,2 कान की रिंग और 65,000 रुपये नकद थे। सामान की अनुमानित कीमत लगभग 04 लाख रुपये थी। सूचना मिलते ही प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार यादव और कांस्टेबल ओमकार सिंह ने तुरंत मौके पर जाकर सीट पर रखा हुआ पर्स बरामद किया और उसे थाना कार्यालय लाया गया। कुछ देर बाद कॉलर बरकत अली और उनकी पत्नी नसीम बानों थाना जीआरपी बाराबंकी पहुंचे। पुलिस ने पूरा सामान मिलान कर सुपुर्दगीनामा तैयार कर उन्हें उनका पर्स वापस सौंपा। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर बरकत अली और नसीम बानों काफी प्रसन्न हुए। उन्होंने और स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने जीआरपी बाराबंकी पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *