हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश ढाबे के सामने हुई फायरिंग की घटना में वांछित ₹25 हजार के इनामी आरोपी शानू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को कैलाश ढाबे के पास छोटू राणा और उसके साथियों तथा शानू व उसके साथियों के बीच हुई फायरिंग के मामले में थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चार पुलिस टीमों के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। मामले में छह आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

इससे पहले 3 जुलाई को इसी मामले में इनामी आरोपी मोना ठाकुर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी शानू अलीगढ़-आगरा हाईवे से अपने गांव गंगचौली की ओर जा रहा है। सूचना पर एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस ने दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी शानू पुत्र मुकेश मास्टर निवासी गंगचौली, थाना हाथरस जंक्शन के विरुद्ध मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *