MD NEWS बहुआयामी समाचार जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख रोहित जैन दभेडी वाले मुजफ्फरनगर

उत्तर प्रदेश। सहारनपुर में पुलिस की कार्यशैली को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सपा विधायक उमर अली खान का आरोप है कि जिले में तैनात थाना प्रभारी विनोद कुमार ने तीन अलग-अलग तारीखों में किए गए उनके 10 फोन कॉल रिसीव नहीं किए। मामला उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सहारनपुर SSP को 3 दिसंबर को तलब किया है।

जानकारी के मुताबिक, विधायक उमर अली खान ने थाना प्रभारी विनोद कुमार से संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि उनकी कॉल का जवाब नहीं मिला। 11वीं बार फोन रिसीव हुआ तो थाना प्रभारी की जगह एक कांस्टेबल ने बताया कि साहब मीटिंग में व्यस्त हैं।

हैरानी की बात यह रही कि मीटिंग में व्यस्त होने की जानकारी दिए जाने के बावजूद थाना प्रभारी की ओर से विधायक को वापस कॉल नहीं की गई। इसके बाद विधायक ने यह मामला विधानसभा में उठाते हुए पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सहारनपुर के SSP को 3 दिसंबर को विधानसभा में उपस्थित होकर जवाब देने के लिए तलब किया है।

आम जनता की परेशानी भी आई सामने

यह घटनाक्रम पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और संवाद व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आम नागरिकों की भी अक्सर शिकायत रहती है कि थानों के अधिकारियों के फोन नहीं उठते। कई बार अधीनस्थ कर्मचारी फोन उठाकर साहब के मीटिंग में होने या व्यस्त होने की जानकारी देकर कॉल समाप्त कर देते हैं।

अधिकारियों का सरकारी कार्यों में व्यस्त रहना अलग बात है, लेकिन जरूरी शिकायतों पर समय से जवाब देना और वापस फोन करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

अब 3 दिसंबर को सहारनपुर SSP के जवाब पर सबकी निगाहें रहेंगी। सवाल यही है कि जब जनप्रतिनिधियों को संपर्क करने में परेशानी हो रही है, तो आम नागरिकों की सुनवाई कितनी आसानी से होती होगी?

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *