रहीमगंज में आधी रात हुआ हृदयविदारक हादसा, गांव में पसरा मातम; विधायक रामचंद्र यादव ने परिजनों को दिया हरसंभव सहायता का भरोसा

रुदौली क्षेत्र के रहीमगंज गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खेत की रखवाली कर रहे 70 वर्षीय किसान की ट्यूबवेल के पास बनी छप्पर की झोपड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे वह जिंदा जल गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहीमगंज निवासी कमलेश कुमार उर्फ ‘भक्त’ (70) रोज की तरह सोमवार रात अपने खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल के पास बनी झोपड़ी में सो रहे थे। देर रात अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक किसान गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य सभी आर्थिक एवं अन्य सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
इस हृदयविदारक घटना से रहीमगंज सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग लगने के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा करने और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *