रिपोर्ट -विशाल गुप्ता
बाराबंकी प्रधान डाकघर में अब प्रत्येक रविवार को विशेष आधार सेवाएँ उपलब्ध होंगी। यह सुविधा सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, नौकरीपेशा व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार संबंधी कार्यों में सुविधा प्रदान करना है।
इन सेवाओं में आधार नामांकन, नाम संशोधन, पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट, जन्मतिथि संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट शामिल हैं। यह उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा जिन्हें कार्यदिवसों में समय की कमी के कारण आधार संबंधी कार्य कराने में कठिनाई होती है।

बाराबंकी प्रधान डाकघर में ये आधार सेवाएँ प्रशिक्षित कर्मियों और आधुनिक उपकरणों की मदद से प्रदान की जाएंगी। इससे नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ मिल सकेंगी।
डाकघर अधीक्षक, बाराबंकी मंडल, पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि डाक विभाग नागरिकों को बेहतर और जनहितकारी सेवाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
डाक विभाग ने अनुरोध किया है कि आधार संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए प्रत्येक रविवार को आवश्यक दस्तावेजों के साथ बाराबंकी प्रधान डाकघर पहुँचकर सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। भारतीय डाक विभाग भविष्य में भी आमजन की सुविधा के लिए इसी तरह की जनोपयोगी सेवाओं का विस्तार करता रहेगा।
