ब्रेकिंग न्यूज़ | MD NEWS बहुआयामी समाचार

13 वर्षीय अक्षरा 48 घंटे से अधिक समय से लापता, स्कूल की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, बुढ़ाना मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर अटेना निवासी विकास शर्मा पुत्र बाबूराम शर्मा की लगभग 13 वर्षीय पुत्री अक्षरा 13 जुलाई 2026 की सुबह रोजाना की तरह बलवंती स्कूल, बायवाला (बुढ़ाना) जाने के लिए घर से निकली थी। परिजनों के अनुसार स्कूल वाहन प्रतिदिन सुबह लगभग 7 बजे गांव से बच्चों को लेकर जाता है, लेकिन उस दिन शाम तक बच्ची घर वापस नहीं लौटी।
परिजनों द्वारा स्कूल से संपर्क करने पर स्कूल प्रिंसिपल ने केवल इतना कहा कि “बच्ची स्कूल नहीं आई।” इसके बाद परिवार ने थाना बुढ़ाना में तहरीर देकर बताया कि ग्राम लांक निवासी तुषार पुत्र नामालूम, जो उसी स्कूल में पढ़ता है, पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना को 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन बच्ची का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
अब उठ रहे हैं बड़े सवाल
यदि बच्ची रोज स्कूल वाहन से जाती थी, तो 13 जुलाई को उसके वाहन में बैठने या न बैठने का रिकॉर्ड क्या है?
क्या स्कूल बस में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं? यदि लगे हैं तो उनकी फुटेज सार्वजनिक कर सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई जा रही?
यदि बसों में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर इतनी बड़ी लापरवाही क्यों?
क्या स्कूल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई?
यदि बच्ची स्कूल पहुंची थी, तो उसकी उपस्थिति और स्कूल से निकलने का रिकॉर्ड क्या कहता है?
यदि बच्ची स्कूल नहीं पहुंची थी, तो स्कूल ने तत्काल अभिभावकों को सूचना क्यों नहीं दी?
बच्ची के लापता होने के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। परिजन बच्ची की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि पुलिस स्कूल बसों और स्कूल परिसर के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
(यह समाचार परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और उनके आरोपों पर आधारित है। तुषार या स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध लगाए गए आरोप अभी जांच के अधीन हैं। पुलिस जांच के बाद ही अंतिम तथ्य स्पष्ट होंगे।)

23 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed