अछनिया में खाद संकट से किसान बेहाल, 7 हजार से ज्यादा अन्नदाताओं के बीच उर्वरक की किल्लत
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
लखीमपुर खीरी। जिले में उर्वरक की किल्लत से किसान परेशान हैं। भीषण उमस और तेज धूप के बीच अछनिया बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति पर खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्याप्त मात्रा में उर्वरक न मिलने से किसानों में नाराजगी साफ नजर आई।
किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए समिति अध्यक्ष रवि तिवारी ने स्वयं मोर्चा संभाला और किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी उर्वरक के हिसाब से टोकन वितरित किए। हालांकि किसानों का कहना है कि प्रति एकड़ एक बोरी खाद उनकी जरूरत के लिए पर्याप्त नहीं है। किसानों का आरोप है कि खाद की कमी के चलते उन्हें बार-बार समिति के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
समिति अध्यक्ष संजय दीक्षित ने सरकार से सहकारी समितियों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर खाद नहीं मिली तो धान और गन्ने की फसल प्रभावित हो सकती है।
टेडवा गांव निवासी किसान जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि अछनिया समिति के साथ अधिकारियों द्वारा सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की अन्य समितियों को अधिक मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि अछनिया समिति का कार्यक्षेत्र बड़ा है और यहां 7 हजार से अधिक सदस्य किसान जुड़े हैं। इसके बावजूद किसान पर्याप्त खाद के लिए परेशान हैं।
समिति सचिव रंजन राठौर ने बताया कि मशीन खराब होने के कारण खाद वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। वहीं किसानों का कहना है कि खाद की कमी और वितरण व्यवस्था की समस्या से खेती का सीजन प्रभावित हो रहा है।
अब किसानों की नजर प्रशासन पर है कि अछनिया समिति को पर्याप्त मात्रा में खाद कब तक उपलब्ध कराई जाती है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed