
बाबा कालभैरव काव्य संगम में गूंजीं साहित्य की स्वर लहरियां, 108 साहित्यकार हुए सम्मानित
वाराणसी। तेलियाबाग स्थित अथर्व फैमिली सभागार में काशी हिन्दी विद्यापीठ एवं अखिल भारतीय लेखक, कवि कलाकार परिषद् के संयुक्त तत्वावधान में काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुलसचिव एवं वरिष्ठ साहित्यकार कवि इन्द्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’ के 57वें जन्मदिन के अवसर पर ‘बाबा श्री कालभैरव अखिल भारतीय काव्य संगम एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर के साहित्यकारों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं मंचीय एवं ऑनलाइन माध्यम से 108 साहित्यकारों को ‘बाबा श्री कालभैरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सागर (मध्य प्रदेश) के प्रख्यात कवि एवं पूर्व शिक्षा अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ‘गौर’ ने की। प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि जबलपुर के कवि संगम त्रिपाठी तथा द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता रहे। प्रमुख संरक्षक डॉ. रामअवतार पाण्डेय की उपस्थिति में उत्तराखण्ड के शिक्षाविद् डॉ. राधेश्याम तिवारी को विद्या-सागर तथा वाराणसी के सोमदेव को विद्या-वाचस्पति विशेष मानद सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि कवि संगम त्रिपाठी ने कहा कि बाबा कालभैरव अपने भक्तों के सुख-दुख के सच्चे साथी हैं और मानवता को मजबूत बनाने के लिए आस्था के साथ सकारात्मक सोच और जन-जागरण आवश्यक है।
स्वागत भाषण में काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुलसचिव इन्द्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’ ने कहा कि संस्था मानवहित में कार्य करने वाले साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों को सम्मानित कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने का निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में गंगाजंलि साहित्यिक साझा संग्रह का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर इन्द्रजीत तिवारी ‘निर्भीक’ एवं प्रकाश श्रीवास्तव का जन्मदिन भी अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मनाया गया।
कवि सम्मेलन में डॉ. चंद्रकांत मिश्र, संगीता सिंह, सार्जेंट अभिमन्यु पाण्डेय ‘मनु’, मनोज द्विवेदी ‘जमालपुरी’, अशोक श्रीवास्तव ‘भुलक्कड़ बनारसी’, डॉ. शिवनाथ सिंह ‘शिव’, सुषमा जौनपुरी, डॉ. सुमति श्रीवास्तव, अंशिका श्रीवास्तव, अमित शर्मा, संतोष कुमार प्रीत, राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ‘स्वदेश’, राकेश चौबे ‘संगम’, डॉ. सत्येन्द्र उपाध्याय, डॉ. राजकुमार आशीर्वाद, पवन कुमार सिंह एडवोकेट सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बुद्धदेव तिवारी एवं डॉ. शिवप्रकाश साहित्य ने किया। स्वागत संयोजन अमित शर्मा ‘अमित’ तथा धन्यवाद ज्ञापन सार्जेंट अभिमन्यु पाण्डेय ‘मनु’ एवं डॉ. ओमप्रकाश पाण्डेय ‘निर्भय’ ने किया।
