
रंझौरा भट्टा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक साथी घायल
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूं,कुंवरगांव बिनावर थाना क्षेत्र के रंझौरा भट्टा के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव अहरुइया निवासी रामनिवास (52) पुत्र रामप्रसाद अपने साथी वीरपाल पुत्र रोशनलाल के साथ बिनावर से डीजल लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। रंझौरा भट्टा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उपचार के दौरान रामनिवास की मौत हो गई। वहीं वीरपाल का इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
