
फतेहपुर, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के मार्गदर्शनानुसार जनपद में आयोजित ‘भूजल सप्ताह’ (16 से 22 जुलाई) के पहले दिन स्वामी चंददास इंटर कॉलेज हसवा में एक वृहद जागरूकता महाभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती, व द होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व आरोग्य भारती के पर्यावरण प्रमुख (कानपुर प्रांत) व रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
डॉ. अनुराग ने बच्चों को जल संरक्षण के लिए ‘वाटर बेल’ लगाने और आरओ के व्यर्थ पानी का दोबारा उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। शपथ ग्रहण के बाद विद्यालय से टेम्पो स्टैंड और गलियों तक एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बच्चों ने “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” के गगनभेदी नारे लगाए।
इस अवसर पर डॉ. अनुराग ने उपस्थित सभी बच्चों व शिक्षकों को जीवन रक्षक सीपीआर (CPR) तकनीक का प्रशिक्षण दिया। साथ ही, बरसात की बीमारियों से बचाव व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए 1,490 बच्चों को होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई। स्वच्छता का महत्व बताते हुए भोजन से पूर्व व शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की सीख दी गई। तंबाकू व शराब के कुप्रभावों को समझाते हुए डॉ. अनुराग ने बताया कि इनसे कैंसर व लिवर सिरोसिस जैसी घातक बीमारियां होती हैं, अतः नशे से सदैव दूर रहें।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राममिलन बाजपेई, रेडक्रॉस प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक विनोद कुमार, राजकुमार सिंह, भगवत नारायण मिश्र, ज्ञानदीप विक्रम सिंह सहित समस्त स्टाफ व सहयोगी उपस्थित रहे।
