धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल (महराजगंज):पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश भर में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आज निचलौल कस्बे के प्रमुख शिक्षण संस्थान हेरा पब्लिक इंटर कॉलेज में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) प्रदीप शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को दी गति
विद्यालय में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने उपस्थित शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और प्रबुद्ध जनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान न केवल प्रकृति को बचाने की एक अनूठी पहल है, बल्कि यह अपनी माता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का भी एक भावुक जरिया है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे न केवल एक पौधा लगाएं, बल्कि उसकी तब तक देखभाल भी करें जब तक वह एक विशाल वृक्ष न बन जाए।

विद्यालय प्रबंधन और छात्रों ने लिया संकल्प
इस अवसर पर हेरा पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षक शिक्षिकाओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ मिलकर विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने भी परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे रोपे। छात्रों में पौधरोपण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने पर्यावरण को शुद्ध रखने और ग्लोबल वार्मिंग के खतरों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

पर्यावरण चेतना जागृत करने का प्रयास
विद्यालय प्रशासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा के आगमन और इस सराहनीय पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और हरित वातावरण देने के लिए इस तरह के अभियान हर गांव और हर कस्बे में निरंतर चलाए जाने चाहिए। इस दौरान विद्यालय के संचालक अहमद अज़ीज़ अबुल कासिम,प्रधानाचार्य अब्दुल कासिम,शिक्षक- फखरे आलम खान,सद्दाम,चंदन पांडेय,मनोज सिंह,सुनील साहनी, राजकुमार यादव,शशिकला श्रीवास्तव एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री सहित कई गणमान्य नागरिक और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री ने किया जागरूक
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री ने बच्चों को पेड़ और उसके हमारे जीवन मे महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं पर्यावरण को बचाने एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए पेड़ लगाने की बात कही।

