हबीबपुर सीकरी हादसा: पीड़ित परिवार से मिले आज़ाद समाज पार्टी के नेता, मासूम बच्चों को देख छलक पड़े आंसू; चंद्रशेखर आज़ाद के जल्द आने का दावा
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर जनपद की तहसील बुढ़ाना के गांव हबीबपुर सीकरी में बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से हुए हृदयविदारक हादसे के बाद रविवार को आज़ाद समाज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। नेताओं ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया, घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में सलीम चौधरी (विधानसभा अध्यक्ष, बुढ़ाना), इस्लाम चौधरी, गयूर चौधरी (ब्लॉक उपाध्यक्ष, शाहपुर), इमरान चौधरी (ब्लॉक अध्यक्ष, शाहपुर), कादिर राणा (विधानसभा उपाध्यक्ष, बुढ़ाना) तथा विकास अंबेडकर (पूर्व जिला प्रभारी, आज़ाद समाज पार्टी) शामिल रहे।
नेताओं ने मृतक इस्लामुद्दीन तांगेवाला के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दर्दनाक हादसे में इस्लामुद्दीन तांगेवाला सहित उनके चार मासूम बच्चों की जान चली गई थी। वहीं हादसे में घायल दो बच्चे उपचार के बाद घर लौट आए हैं। जानकारी के अनुसार, एक बच्चे के पैर में चोट है तथा दोनों बच्चों के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।
जैसे ही दोनों मासूम अपने गांव पहुंचे, पूरे गांव में एक बार फिर शोक की लहर दौड़ गई। अपने माता-पिता और भाई-बहनों को खो चुके बच्चों की मासूमियत और उनका रो-रोकर बुरा हाल देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। गांव का माहौल बेहद गमगीन हो गया और हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि आखिर इतनी बड़ी त्रासदी कैसे टाली जा सकती थी।
आज़ाद समाज पार्टी के नेताओं ने कहा कि यदि पात्र गरीब परिवारों को समय पर सरकारी आवास योजना का लाभ मिला होता, तो संभव है कि यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि गरीब परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा इस मामले में यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में बच्चों को उपलब्ध कराए गए उपचार की जानकारी भी ली और परिवार को भरोसा दिलाया कि उनके साथ हर स्तर पर खड़े रहेंगे। नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, आवास योजना तथा अन्य सभी सरकारी सुविधाएं दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयास करेगी।
इस दौरान नेताओं ने बताया कि आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद जंतर-मंतर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण स्वयं नहीं पहुंच सके। उनका कहना है कि उनसे बातचीत हुई है और अगले दो से तीन दिनों में उनके हबीबपुर सीकरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की संभावना है।
हबीबपुर सीकरी की यह त्रासदी पूरे क्षेत्र को झकझोर गई है। गांव में आज भी मातम का माहौल है और लोग मृतकों को नम आंखों से याद कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाए और भविष्य में किसी भी गरीब परिवार को जर्जर मकानों में रहने को मजबूर न होना पड़े।
