
डॉ. यमुना सिंह ने संभाला इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी एलीट का अध्यक्षीय दायित्व
वाराणसी। शहर के प्रतिष्ठित बनारस क्लब में 29 जुलाई को आयोजित भव्य इंस्टॉलेशन समारोह में डॉ. यमुना सिंह ने इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी एलीट के अध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण किया। उनके नेतृत्व में नई कार्यकारिणी ने भी पदभार संभाला, जिसमें रजनी अग्रवाल सचिव, प्रियंका अग्रवाल आईएसओ, सुषमा अग्रवाल एडिटर तथा शालिनी गोयल कोषाध्यक्ष बनीं।
समारोह की मुख्य अतिथि पास्ट एसोसिएशन ट्रेज़रर अर्चना वाजपेयी रहीं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट ट्रेज़रर अनुराधा भाटिया, पीडीसी कुसुम मित्तल, पीडीसी आशा अग्रवाल, विभिन्न क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरिता गुप्ता एवं संगीता गुप्ता की मनोहारी गणेश वंदना से हुआ। इसके उपरांत क्लब सदस्यों द्वारा वृद्धाश्रम की पीड़ा पर आधारित एक मार्मिक नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने समाज को माता-पिता के सम्मान एवं उनकी जिम्मेदारी निभाने का सशक्त संदेश दिया और उपस्थित सभी अतिथियों को भावुक कर दिया। नाटिका की मुख्य भूमिका सरिता गुप्ता , बेला अग्रवाल , संगीता गुप्ता जूली जायसवाल एवं प्रियंका अग्रवाल ने निभाई ।
समारोह में ज्योति जैन, नीलम अग्रवाल, रजनी अग्रवाल,अनीता तिवारी सहित क्लब की कार्यकारिणी एवं सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कई नई सदस्याओं ने इनर व्हील परिवार की सदस्यता ग्रहण की, जिससे क्लब का परिवार और अधिक सशक्त एवं विस्तृत हुआ।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. यमुना सिंह ने सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कार एवं सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए वर्षभर जनहित में प्रभावी एवं प्रेरणादायी परियोजनाएँ संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
