ब्रेकिंग न्यूज़ | महोबा
हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियां तेज, 2.5 लाख तिरंगे तैयार करेगी महिला स्वयं सहायता समूह
महोबा। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाने और प्रत्येक घर तक समय से तिरंगा पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि 8 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाइक रैली, प्रभात फेरी, जनजागरूकता रैलियां एवं देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस राष्ट्रव्यापी अभियान से जुड़ सकें।
शासन द्वारा महोबा जनपद को 2.5 लाख राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों को सौंपी गई है। 52 स्वयं सहायता समूहों की 210 महिला सदस्य ध्वज संहिता के अनुरूप गुणवत्ता वाले तिरंगों का निर्माण करेंगी। अधिकारियों को भुगतान एवं वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, विकास खंडों और तहसीलों के अधिकारियों से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का जनआंदोलन है, जिसे जनसहभागिता से सफल बनाया जाएगा।
रिपोर्ट: अरबाज हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, एमडी न्यूज़, महोबा

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *